Featuredकोरबाक्राइमपुलिस

Korba: थानेदार सड़क पर तीन सवारी पकड़ते रहे, थाने के सामने डेढ़ लाख की चोरी..जाबांज लिख रहे थ्योरी…

कोरबा। Korba Darri Police Station Theft News जिले में कानून-व्यवस्था की सख्ती के दावों के बीच चोरों ने पुलिस को सीधे चुनौती दे दी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि अब वारदातें थाना और चौकी के ठीक आसपास होने लगी हैं। ताजा मामला दर्री थाना क्षेत्र का है, जहां थाने के सामने ही एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये का माल साफ कर दिया गया।

Korba Darri Police Station Theft News जानकारी के अनुसार, आस्था मोबाइल शॉप को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर देर रात पहुंचे। शटर उचकाकर अंदर घुसे और नए एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन और केबल लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक आकाश जायसवाल जब सुबह पहुंचे तो सामने टूटा शटर और खाली रैक थे। प्रारंभिक आकलन में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान बताया गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात दर्री थाना के ठीक सामने हुई। यानी जिस जगह से कानून का पहरा शुरू होता है, वहीं चोरों ने हाथ साफ कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सड़क पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों पर कार्रवाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर थाने के सामने दुकान का शटर टूट रहा है।
इससे एक दिन पहले सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के बगल में स्थित पान दुकान में भी छप्पर तोड़कर चोरी की गई थी। लगातार दो दिन, और दोनों बार पुलिस चौकी-थाना के आसपास। इससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है।
होली पर्व को देखते हुए जिले में कड़ी सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं। चौक-चौराहों पर तैनाती, गली-मोहल्लों में गश्त, बाइक और चार पहिया पेट्रोलिंग की बात कही जा रही है। लेकिन सवाल यही है कि इतनी सक्रियता के बीच चोर थाने के सामने वारदात कर कैसे निकल गए।
व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि रात में प्रभावी गश्त होती तो चोरों की हिम्मत नहीं पड़ती। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों को असुरक्षित महसूस करने लगा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस चुनौती का जवाब कितनी जल्दी देती है और क्या सच में गश्त जमीन पर नजर भी आएगी या सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button