Korba Mayor Sanju Devi: महापौर संजू देवी टेक्निकल विंग के साथ निर्माण कार्यों की हकीकत जांचने उतरीं फील्ड पर.. अधिकारियों के फूले हाथ-पांव!

News Power Zone
4 Min Read

Korba Mayor Sanju Devi: कोसाबाड़ी जोन के वार्डों में विकास कार्यों का लिया जायजा, पोड़ीबहार नाला निर्माण में कोर कटिंग से गुणवत्ता जांच के निर्देश; अधूरे और धीमी गति के कामों पर महापौर ने जताई नाराजगी

कोरबा।Korba Mayor Sanju Devi: नगर निगम के विकास कार्यों की फाइलों में दर्ज प्रगति और जमीन पर काम की वास्तविक स्थिति देखने के लिए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत खुद टेक्निकल विंग के अधिकारियों के साथ फील्ड पर उतर गईं। कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों का उन्होंने मौके पर निरीक्षण किया। महापौर के अचानक मौके पर पहुंचने से संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों में हड़कंप की स्थिति नजर आई।

 

महापौर ने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर ही सवाल किए कि काम किस गति से चल रहा है, स्वीकृत प्राक्कलन और ड्राइंग-डिजाइन के अनुरूप निर्माण हो रहा है या नहीं और अब तक कितना काम पूरा किया जा चुका है।

पोड़ीबहार नाला निर्माण पर खास नजर, कोर कटिंग से होगी गुणवत्ता की जांच

निरीक्षण के दौरान पोड़ीबहार नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर कोर कटिंग कराकर निर्माण की मजबूती और निर्धारित तकनीकी मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने दो टूक कहा कि सड़क, नाली, भवन अथवा अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन और तकनीकी मापदंडों के अनुसार ही काम होना चाहिए।

फाइलों में विकास नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम

महापौर ने लंबित और धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जरूरी प्रक्रिया पूरी कर कार्यों को जल्द शुरू कराया जाए।

उन्होंने कहा कि फाइलों में विकास दिखाने के बजाय जमीन पर उसका असर नजर आना चाहिए। जनता के पैसे से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य का समय पर पूरा होना और उसका टिकाऊ होना जरूरी है।

ठेकेदारों को साफ चेतावनी, गुणवत्ता खराब मिली तो कार्रवाई

महापौर ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सिर्फ काम लेना पर्याप्त नहीं है। निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा और तय गुणवत्ता के साथ पूरा करना भी उतना ही जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान यदि किसी निर्माण में गुणवत्ता की कमी, तकनीकी मानकों की अनदेखी या अनावश्यक देरी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिकारियों की लापरवाही सामने आने पर उनकी जवाबदेही भी तय होगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल विकास कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी निर्माण कराना है। प्रत्येक वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर एन.के. नाथ, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, उप अभियंता अश्वनी दास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और वार्डवासी मौजूद रहे।

Share This Article