Korba By-Election : चर्चित बिंझरा जनपद सीट पर गोंगपा समर्थक कन्हैयालाल की बड़ी जीत…! हत्याकांड के आरोपी को जनता ने नकारा…166 वोटों से मारी बाजी

News Power Zone
2 Min Read
Korba By-Election

कोरबा, 01 जून। Korba By-Election : जिले के पाली-तानाखार विधानसभा अंतर्गत उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 बिंझरा में हुए चर्चित उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। बेहद संवेदनशील और हाई प्रोफाइल माने जा रहे इस चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) समर्थक प्रत्याशी कन्हैया लाल चौहान ने शानदार जीत दर्ज की है।

कन्हैया लाल चौहान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनीता यादव को 166 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। परिणाम सामने आते ही पूरे बिंझरा क्षेत्र में समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और विजय जुलूस के साथ जीत का जश्न मनाया गया।

हत्याकांड के आरोपी को जनता ने किया खारिज

गौरतलब है कि यह उपचुनाव पूर्व जनपद सदस्य स्वर्गीय अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था। चुनाव की सबसे चर्चित बात यह रही कि हत्या प्रकरण में आरोपी मुश्ताक मिर्जा ने भी चुनाव मैदान में उतरकर किस्मत आजमाई, लेकिन जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया।

कुल 8 प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में मुश्ताक मिर्जा को केवल 379 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहा। वहीं जनता ने विकास और विश्वास के नाम पर कन्हैया लाल चौहान को अपना समर्थन दिया।

विधायक और गोंगपा नेताओं ने दी बधाई

पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने नवनिर्वाचित जनपद सदस्य कन्हैया लाल चौहान को फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। वहीं गोंगपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप मरकाम ने इसे जनता की जीत बताते हुए कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

चुनाव परिणाम

प्रत्याशी पार्टी / स्थिति प्राप्त वोट परिणाम
कन्हैया लाल चौहान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी समर्थक 892 विजयी
अनीता यादव निर्दलीय 726 द्वितीय स्थान
राजेंद्र सिंह निर्दलीय 511 तृतीय स्थान
मुश्ताक मिर्जा निर्दलीय 379 चौथा स्थान

ग्रामीणों का कहना है कि जनता ने न्याय, विकास और स्वच्छ नेतृत्व के पक्ष में अपना जनादेश दिया है।

Share This Article