
कोरबा।Korba Power Cut प्रदेश को बिजली देने वाला कोरबा शहर खुद अंधेरे में डूबा हुआ है। मंगलवार शाम हुई बारिश के बाद शहर के कई फीडर बंद हो गए, जिससे कई इलाकों में पिछले करीब 4 घंटे से बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

Korba Power Cut भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। घरों में पंखे और कूलर बंद होने से बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई इलाकों में इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे रात होते ही कॉलोनियों और मोहल्लों में अंधेरा छा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। हर बार घंटों तक सप्लाई बंद रहना अब आम बात बन चुकी है। लोगों ने बिजली विभाग की मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “पॉवर सिटी” कहलाने वाले शहर में ही सबसे ज्यादा बिजली संकट देखने को मिल रहा है।
बिजली बंद होने का असर पानी सप्लाई पर भी पड़ा है। कई घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है, वहीं छोटे कारोबारियों और दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग बिजली विभाग को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।



