
कोरबा। Korba Police Operation Shanti Arrest 85 जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 85 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 52 गिरफ्तारी वारंटी और 33 स्थायी वारंटी शामिल हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से “ऑपरेशन शांति” के तहत विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के बाद जिलेभर में एक साथ दबिश दी गई। 15 मार्च 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से लंबे समय से फरार 52 गिरफ्तारी वारंटी, जिनमें 33 स्थायी वारंटी भी शामिल हैं, को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया गया।
वार्ड 11 में शिकायत पर तुरंत कार्रवाई
इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों ने क्षेत्र में शांति भंग होने की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोमू तिवारी और छोटका प्रजापति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा रही है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था कायम रहे और अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।



