
कटघोरा। Katghora Breaking मदनपुर टोल प्लाजा को लेकर लंबे समय से उठ रही नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक, बिलासपुर को कड़ा पत्र भेजते हुए टोल प्लाजा को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने और तब तक स्थानीय नागरिकों से टोल वसूली पूरी तरह बंद करने की मांग कर दी है। इस पत्र के सामने आने के बाद टोल प्लाजा का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

राज जायसवाल ने अपने पत्र में NHAI के 60 किलोमीटर दूरी संबंधी नियम का हवाला देते हुए कहा कि मदनपुर और बरद्वार टोल प्लाजा के बीच की दूरी महज करीब 29 किलोमीटर है। उनका कहना है कि यह निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, ऐसे में स्थानीय नागरिकों से प्रतिदिन टोल शुल्क वसूलना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि कटघोरा, छुरी, एनटीपीसी क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, किसान और रोजाना आने-जाने वाले लोग हर दिन अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठा रहे हैं। कई परिवारों को अपने नियमित आवागमन के लिए बार-बार टोल चुकाना पड़ रहा है, जिससे जनता में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने मांग की है कि कटघोरा से रंजकम्मा, पाली और चेतमा की ओर आने-जाने वाले कोरबा जिले के स्थानीय वाहनों को तत्काल टोल शुल्क से छूट दी जाए, ताकि लोगों को तुरंत राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने NHAI से जनहित में पूरे मामले की समीक्षा कर मदनपुर टोल प्लाजा को जल्द किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है।
इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा को भी भेजी गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या NHAI स्थानीय जनता की इस मांग पर फैसला लेगा या फिर टोल वसूली को लेकर असंतोष और तेज होगा? आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।






