
कोरबा।BALCO Workers Protest औद्योगिक क्षेत्र बालको में श्रमिकों की मांगों को लेकर शुरू हुआ खटियाखड़ी आंदोलन शुक्रवार को अचानक तेज हो गया, जब जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता Amit Jogi खुद आंदोलन स्थल पर पहुंच गए। खटिया डालकर बैठते ही माहौल गरमा गया और देखते ही देखते प्रबंधन को वार्ता के लिए आगे आना पड़ा।
जूनियर जोगी के आंदोलन में बैठने के बाद मजदूरों और समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी। श्रमिकों ने प्रबंधन पर लंबे समय से उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। आंदोलन का दबाव बढ़ता देख बालको प्रबंधन के अधिकारियों को तत्काल बातचीत के लिए आगे आना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन, प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। बातचीत में श्रमिकों की मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन को समाप्त करने का ऐलान किया गया।
जूनियर जोगी ने कहा कि श्रमिकों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में मांगों पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन फिर से तेज किया जाएगा।
उधर, प्रबंधन की ओर से भी श्रमिकों की समस्याओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया है। समझौते के बाद आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और खटियाखड़ी आंदोलन समाप्त कर दिया गया।



