मनेंद्रगढ़, 15 मई। Jail Scam : छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ उप जेल में जेल प्रहरी द्वारा कैदियों के परिजनों से रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ है। आरोपी प्रहरी को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मनेन्द्रगढ़ उप जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जेल प्रहरी कैदियों के परिजनों से नकद रुपये लेते नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी प्रहरी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। वायरल वीडियो नवंबर 2025 का बताया जा रहा है।
वीडियो में मनेंद्रगढ़ उप जेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी परिजनों के घर पहुंचता है, शालीनता से ‘राधे-राधे’ बोलता है और फिर 50 हजार रुपये नकद लेकर वहां से निकल जाता है। आरोप है कि उसने हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपियों को जेल के भीतर विशेष सुविधाएं देने और प्रताड़ना से बचाने के नाम पर कुल 1 लाख 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।













