Illegal Mining : बिलासपुर में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई… 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त… बिना लाइसेंस संचालित कोल डिपो सील

News Power Zone
2 Min Read
Illegal Mining

बिलासपुर, 28 मई। Illegal Mining : जिला प्रशासन ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो में छापेमारी की। खनिज विभाग की टीम ने जांच के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला, एक ट्रेलर और एक लोडर मशीन जब्त कर डिपो को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि डिपो का भंडारण लाइसेंस समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां अवैध रूप से कोयले का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

प्रशासन की सख्ती के बाद कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने हाल ही में कोल डिपो संचालकों की बैठक लेकर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। बैठक के कुछ घंटे बाद ही खनिज विभाग ने अभियान चलाते हुए यह बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मशीनों को भी सील कर दिया।

कार्रवाई देखकर भागे चालक और ऑपरेटर

छापेमारी के दौरान शासकीय जमीन पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीनें भी पकड़ी गईं। कार्रवाई होते देख दो हाईवा के चालक और जेसीबी ऑपरेटर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। विभाग ने सभी वाहनों को मौके पर ही सील कर दिया। जब्त ट्रेलर और दोनों जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि लोडर और हाईवा को स्थल पर ही सील किया गया।

मस्तूरी और पचपेड़ी क्षेत्र में भी कार्रवाई

खनिज विभाग ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्रों में भी संयुक्त जांच अभियान चलाया। पचपेड़ी में अवैध चूना पत्थर परिवहन करते एक हाईवा को जब्त किया गया, जबकि लावर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते दो हाईवा पकड़े गए। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article