IGKV Paper Leak: IGKV का जेनेटिक्स का पेपर भी लीक, अब तक 3 परीक्षाएं रद्द, एक ही कॉलेज पर लटकी तलवार igkv-paper-leak-genetics-exam-cancelled-raipur

News Power Zone
2 Min Read

IGKV Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में जेनेटिक्स का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब तक 3 पेपर लीक मामलों में भारती कृषि महाविद्यालय शक के घेरे में है। पढ़ें पूरी अपडेट।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी (कृषि) प्रथम वर्ष के पेपर लीक होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ के प्रश्नपत्र में गड़बड़ी और लीक होने की पुष्टि के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है। यह परीक्षा प्रदेश के सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में 19 अगस्त को आयोजित की गई थी।

एक ही कॉलेज पर बार-बार उठ रहे सवाल

पेपर लीक मामले की जांच के लिए यूनिवर्सिटी द्वारा बनाई गई 5 सदस्यीय जांच समिति ने पाया कि भारती कृषि महाविद्यालय को भेजे गए प्रश्नपत्र के लिफाफे के साथ छेड़छाड़ की गई थी। खास बात यह है कि जेनेटिक्स के पेपर लीक होने का यह तरीका, पहले लीक हुए दो अन्य पेपर्स से बिल्कुल मेल खाता है। शुरुआती जांच के तार उसी कॉलेज से जुड़ रहे हैं, और इस मामले में पहले से आरोपी सहायक प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया की भूमिका की दोबारा जांच की जा रही है।

कॉलेज को नोटिस

आईजीकेवी के कुलपति ने बताया कि फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स की परीक्षा रद्द कर दी गई है। विश्वविद्यालय ने मामले की जांच के लिए पुलिस को पत्र भेजा है। भारती कृषि महाविद्यालय को नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कॉलेज को डिफाल्टर घोषित किया जा सकता है। वहीं, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने पुष्टि की है कि विश्वविद्यालय की शिकायत पर इस नए मामले को भी पुरानी पुलिस जांच में शामिल कर लिया गया है।

Share This Article