Good Touch Bad Touch : कोरबा पुलिस की नई पहल…! छात्राओं को नए आपराधिक कानून…’गुड टच-बैड टच’ और साइबर सुरक्षा की दी अहम जानकारी

News Power Zone
2 Min Read
Good Touch Bad Touch

कोरबा, 31 जुलाई। Good Touch Bad Touch : बदलते कानूनों और बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में कोरबा पुलिस ने छात्राओं को जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में नवीन आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA), महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार, ‘गुड टच-बैड टच’ और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में नवीन कानूनों की प्रमुख विशेषताओं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा पीड़ितों को मिलने वाले अधिकारों को सरल भाषा और आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से समझाया गया। साडा कन्या शाला सहित अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नए कानूनों की जानकारी प्राप्त की।

डीएसपी प्रतिभा मरकाम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए नए आपराधिक कानूनों में हुए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए कानूनों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान जोड़े गए हैं।

कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से ‘गुड टच-बैड टच’ पर जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया। छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तुरंत परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को देने तथा सोशल मीडिया और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

अंत में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न कानूनी विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विस्तार से जवाब दिया गया। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article