FeaturedBreakingकोरबाराजनीति

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम – “केंद्र ने की कार्यवाही लेकिन शिकायतों पर प्रशासन भारी”… पत्र वार के बाद “धरना अवतार” में कंवर..

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह, जेल एवं सहकारिता मंत्री और रामपुर (20) विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कंवर ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की तो वे आगामी 4 अक्टूबर 2025 को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठेंगे।

 

पूर्व मंत्री ने जानकारी दी कि 21 और 22 सितम्बर को उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 14 बिंदुओं में कलेक्टर के खिलाफ शिकायत सौंपी थी और तीन दिनों के भीतर तबादले की मांग की थी। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो जांच हुई और न कार्रवाई, जिससे वे आंदोलन को मजबूर हैं।

कंवर ने आरोप लगाया, “कलेक्टर अजीत वसंत जैसे भ्रष्ट और हिटलरशाही प्रवृत्ति के अधिकारी को सरकार संरक्षण दे रही है। मुख्यमंत्री तक वास्तविक स्थिति नहीं पहुंचाई जा रही और कुछ आईएएस अधिकारियों के दबाव में सरकार गुमराह होकर काम कर रही है।”

उन्होंने अपने पत्र में पीएससी परीक्षा घोटाला, शराब घोटाला, दवा खरीदी घोटाला, कोयला घोटाला, डीएमएफ घोटाला और एनएचएआई सड़क मुआवजा घोटाले का उल्लेख किया। कंवर का कहना है कि इन मामलों में उन्होंने केंद्र सरकार को शिकायत दी थी, जिसके बाद कई बड़े अधिकारियों और नेताओं पर कार्रवाई भी हुई।

कंवर ने सवाल उठाया कि जब उनके जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, तो आम जनता और अन्य जनप्रतिनिधियों की स्थिति क्या होगी, यह आसानी से समझा जा सकता है।

उन्होंने साफ कहा कि 4 अक्टूबर को वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देंगे। इसकी सूचना उन्होंने कलेक्टर रायपुर, पुलिस प्रशासन और भाजपा संगठन को भी भेज दी है।

Related Articles

Back to top button