कोरबा

Festival Safety : कोरबा में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक…! होली–ईद–गुड फ्राइडे शांति से मनाने की अपील

त्योहारों पर सतत पेट्रोलिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा

कोरबा, 01 मार्च। Festival Safety : आगामी होली, ईद एवं गुड फ्राइडे को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हुल्लड़बाजी और जबरदस्ती रंग लगाने पर सख्ती

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने, जबरदस्ती रंग-गुलाल लगाने, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग तथा मुखौटा लगाकर हुटिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग को त्योहारों के दौरान सतत पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।

होलिका दहन के लिए दिशा-निर्देश

होलिका दहन केवल सुरक्षित एवं खुले स्थानों पर ही करने की अपील की गई। विद्युत तारों, ट्रांसफार्मर या तंग गलियों में दहन न करने की हिदायत दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में दमकल वाहन आसानी से पहुंच सके। होली के दिन मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे दुकानें न लगाने का अनुरोध किया गया, जिससे जाम की स्थिति न बने।

रासायनिक रंग और मुखौटों पर रोक की अपील

होली के दौरान रासायनिक रंगों और मुखौटों के विक्रय एवं उपयोग पर रोक लगाने तथा हर्बल रंगों के प्रयोग को बढ़ावा देने की बात कही गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की दबंगई या जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रमज़ान और गुड फ्राइडे को लेकर विशेष इंतजाम

रमज़ान माह को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गुड फ्राइडे के मद्देनजर चर्चों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को पानी की सुचारू आपूर्ति और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने, एक-दूसरे के धर्म और भावनाओं का सम्मान करने तथा त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button