Farmer Prosperity : सुकमा जिले में जल प्रबंधन की बड़ी सफलता…! किसान समृद्धि योजना का बड़ा परिणाम…177 नलकूपों से जल उपलब्ध

News Power Zone
2 Min Read
Farmer Prosperity

सुकमा, 07 फरवरी। Farmer Prosperity : जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के मद से वर्ष 2023 में स्वीकृत 178 नलकूपों में से 177 नलकूपों का खनन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासन ने हाल ही में प्रकाशित किसी समाचार पत्र की खबर को तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया कि सभी नलकूपों में पर्याप्त जल उपलब्ध है।

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि नलकूप खनन कार्य कृषकों की उपस्थिति में कराया गया और प्रत्येक नलकूप का भौतिक सत्यापन, माप पुस्तिका और लैटीट्यूड-लॉन्गीट्यूड युक्त फोटो प्रमाणों के आधार पर किया गया। प्राक्कलित राशि लगभग 1.46 लाख रुपये थी, जिसमें प्रत्येक नलकूप की राशि पृथक-पृथक निर्धारित की गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, नलकूप कार्यों का भुगतान “नो वाटर, नो पेमेंट” की शर्त पर किया गया। अब तक 33 नलकूपों में सोलर पंप और 30 नलकूपों में विद्युत पंप कृषकों द्वारा स्थापित किए जा चुके हैं। शेष नलकूपों में सोलर पंप स्थापना हेतु क्रेडा विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है।

प्रत्येक नलकूप के लिए कृषकों से 25 हजार रुपये का अंशदान लिया गया, जिसमें से 15 हजार रुपये सोलर पंप स्थापना और 10 हजार रुपये सिंचाई पाइप के माध्यम से लाभ पहुंचाने में उपयोग किए गए। अधिकारियों ने यह भी बताया कि किसान समृद्धि योजना के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया और लाभ केवल चयनित कृषकों को ही ऑनलाइन पंजीकरण एवं कोटेशन के आधार पर प्रदान किया गया।

Share This Article