बालकोनगर, 22 जनवरी। DPS Balco : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बालको में सत्र 2025-26 का दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। इस खेल महोत्सव में नर्सरी से कक्षा चौथी तक के विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
खेल महोत्सव का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य कैलाश पवार और छात्र प्रतिनिधियों द्वारा आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया गया, जिसके बाद जंबल मार्च-पास्ट कार्यक्रम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दोनों दिनों में करीब 1000 विद्यार्थियों ने खेलों में भाग लिया और हर आयु वर्ग के बच्चों ने प्रतिस्पर्धा की।
पहले दिन, नर्सरी से कक्षा 1 तक के विद्यार्थियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दिन का उद्घाटन प्री नर्सरी के छात्र विराट चौधरी ने किया, जबकि समापन शांभवी नायक द्वारा किया गया। दूसरे दिन, कक्षा 2 से 4 तक के विद्यार्थियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनका उद्घाटन सुप्रीथा ममिल्लापल्ली और समापन अंजनैया चौहान द्वारा हुआ।
खेलों के अलावा, लगभग 70-70 विद्यार्थियों के समूहों ने सामूहिक फील्ड डिस्प्ले कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जो विशेष आकर्षण का केंद्र बना। सभी प्रस्तुतियां समन्वित और अनुशासित थीं। हर्डल रेस, सैपलिंग रेस, बैग अरेंजिंग रेस सहित पारंपरिक और रचनात्मक खेलों का सुंदर समावेश हुआ, जिससे बच्चों की उत्साही भागीदारी देखी गई।
इसके अतिरिक्त, सत्र 2024-25 के अकादमिक पुरस्कार भी दोनों दिनों में संबंधित कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और खेल भावना का संचार करने में सफल रहा, वहीं अभिभावकों को भी अपने बचपन की यादें ताजगी से महसूस हुईं। कार्यक्रम का समापन वार्षिक खेल महोत्सव के औपचारिक समापन की घोषणा और राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया।