DMF Fund : शहर के विकास में DMF फंड की होगी बड़ी भागीदारी…! कोरबा विधानसभा में 399 कार्यों के लिए 157.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति

News Power Zone
3 Min Read
DMF Fund

 

कोरबा, 22 अक्टूबर। DMF Fund : कोरबा जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 399 विकास कार्यों के लिए कुल 157 करोड़ 69 लाख 12 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कलेक्टर एवं DMF अध्यक्ष अजीत वसंत ने यह स्वीकृति प्रदान की।

स्वीकृत कार्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, शहरी सुविधाएं और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न निर्माण शामिल हैं। विगत 20 से 21 महीनों में जनप्रतिनिधियों की मांगों और शासन की मंशा के अनुरूप इस राशि को स्वीकृत किया गया है, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सकेगा।

बड़े कार्यों की सूची  

ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक 2.84 किमी दो लेन सीसी रोड के निर्माण के लिए 29.42 करोड़ रुपये स्वीकृत। रेल अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण और मुआवजा वितरण हेतु 18.82 करोड़ रुपये। 92 नवीन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए 12.01 करोड़ रुपये।30 नवीन प्राथमिक स्कूल भवन हेतु 5.16 करोड़, 10 नवीन माध्यमिक स्कूल भवन के लिए 1.67 करोड़ रुपये। मानदेय शिक्षकों की भर्ती के लिए 10.34 करोड़ रुपये। डाइट भवन, कॉलेज भवन, हॉस्टल एवं सामग्री क्रय कार्य हेतु 6.26 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य 

बच्चों के टीकाकरण, क्षयरोग जांच, संसाधन भर्ती व स्वास्थ्य भवन उन्नयन हेतु 3.12 करोड़ रुपये। विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल शिक्षकों की भर्ती हेतु 6.27 करोड़ रुपये। स्वास्थ्यकर्मियों के आवास निर्माण और ट्रॉमा सेंटर उन्नयन जैसे कार्यों हेतु कुल 1.5 करोड़ से अधिक की स्वीकृति।

शहरी सुविधा और स्वच्छता में निवेश

नगर निगम कोरबा क्षेत्र में ई-कार्ट गार्बेज रिक्शा की आपूर्ति हेतु 2.84 करोड़ रुपये। कन्वेंशनल हॉल में अहाता एवं हाई मास्ट लाइट हेतु 91.56 लाख रुपये।

अन्य विकास कार्यों में शामिल

191 कार्य जैसे सामुदायिक भवन, नाली, अहाता आदि के लिए 24.12 करोड़ रुपये। पुलिस कार्यालयों में जनरेटर स्थापना, 174 कृषि पंपों का विद्युतीकरण, पशु चिकित्सकों की भर्ती, मिट्टी परीक्षण और डेयरी से जुड़े कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि डीएमएफ फंड का उपयोग कोरबा विधानसभा क्षेत्र में संतुलित विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जा रहा है। सभी कार्यों के गुणवत्ता पूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

TAGGED:
Share This Article