Custom Milling Scam : EOW ने अनवर ढेबर के सहयोगी दीपेन चावड़ा को किया गिरफ्तार…20 करोड़ की अवैध उगाही के सबूत मिले

News Power Zone
2 Min Read
Major Transfer
रायपुर, 11 सितंबर। Custom Milling Scam : छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित कस्टम मिलिंग स्कैम मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपेन चावड़ा को गिरफ्तार किया है। चावड़ा को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी

गिरफ्तार आरोपी दीपेन चावड़ा, कुख्यात अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। ईओडब्ल्यू की जांच में यह भी सामने आया है कि चावड़ा, EOW में दर्ज अन्य मामलों में लगभग ₹2,000 करोड़ की अवैध राशि का प्रबंधक (मैनेजर) था।

20 करोड़ रुपए की अवैध उगाही के सबूत

ईओडब्ल्यू ने बताया कि कस्टम मिलिंग घोटाले में दीपेन चावड़ा द्वारा ₹20 करोड़ की राशि लोकसेवकों की ओर से एकत्र करने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। यह रकम कथित तौर पर अधिकारियों और रसूखदार लोगों के लिए एकत्र की गई थी।

पहले भी कई बड़े नाम आ चुके हैं सामने

गौरतलब है कि इस घोटाले में पहले भी कई बड़े नाम सामने आ चुके हैं। फरवरी 2025 में तत्कालीन प्रबंध संचालक मनोज सोनी और रोशन चंद्राकर के खिलाफ विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) में चालान पेश किया जा चुका है। इसके अलावा, अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर के खिलाफ अब भी विवेचना जारी है। कस्टम मिलिंग स्कैम में चावल मिलिंग और धान खरीदी के नाम पर हजारों करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है। सरकारी योजनाओं की आड़ में बड़ी मात्रा में सरकारी धन का दुरुपयोग और बंदरबांट किए जाने की बात सामने आई है। ईओडब्ल्यू की टीम इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आने वाले दिनों में अधिक गिरफ्तारी (Custom Milling Scam) और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
Share This Article