CM Vijay Viral News : बुजुर्ग अम्मा से मिले CM विजय, फिर ऐसा क्या किया कि खुशी से खिल उठा चेहरा? वायरल Video ने जीता दिल

News Power Zone
3 Min Read
CM Vijay Viral News

तमिलनाडु, 02 सितंबर। CM Vijay Viral News :  मुख्यमंत्री थलापति विजय का एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विजय एक बुजुर्ग महिला से आत्मीयता से मिलते हैं, उनका हाथ थामकर साथ चलते हैं और फिर अपना महंगा चश्मा उन्हें गिफ्ट कर देते हैं। मुख्यमंत्री के इस अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया है।

काफिला रुका तो विजय से मिलने पहुंचीं चेल्लम

मुख्यमंत्री विजय 1 सितंबर को सलेम के मेट्टूर दौरे पर थे। दौरे के बाद एयरपोर्ट लौटते समय उनका काफिला सड़क किनारे स्थित एक फार्म हाउस के पास रुका। यहां विजय खेतों में काम करने वाली महिलाओं से मिलने पहुंचे। इसी दौरान चेल्लम नाम की एक बुजुर्ग महिला भी मुख्यमंत्री को करीब से देखने और उनसे मिलने पहुंचीं। विजय ने उनसे बातचीत की, उनका नाम पूछा और हालचाल जाना।

विजय ने थामा हाथ, अम्मा ने भी नहीं छोड़ा साथ

मुलाकात के दौरान चेल्लम मुख्यमंत्री विजय का हाथ थामे उनके साथ चलती नजर आईं। विजय भी उन्हें अपने साथ भीड़ के बीच से आगे ले जाते दिखाई दिए। चेल्लम चश्मा पहनने के बाद विजय के साथ चलते हुए रास्ते में मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाती रहीं। इस दौरान दोनों का यह सहज और आत्मीय अंदाज कैमरों में कैद हो गया।

अपना Christian Dior चश्मा पहनाकर किया खुश

इस मुलाकात का सबसे खास पल तब आया, जब विजय ने अपना Christian Dior का महंगा चश्मा उतारकर बुजुर्ग महिला चेल्लम को अपने हाथों से पहना दिया। चश्मा मिलते ही चेल्लम का चेहरा खुशी से खिल उठा। बताया गया कि वह बेहद भावुक हो गईं और उन्होंने विजय को गले लगाकर अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया।

चेल्लम बोलीं- करोड़ों रुपये जीतने जैसा था वो पल

चेल्लम ने PTI से बातचीत में बताया कि जब विजय उनके पास आकर खड़े हुए तो वह हैरान रह गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें देखकर वह बेहद खुश हैं। उनके मुताबिक, विजय का अपना चश्मा उपहार में देना उनके लिए बेहद खास पल था। चेल्लम ने इस अनुभव को करोड़ों रुपये जीतने जैसा बताया।

अब सोशल मीडिया पर छाया CM विजय का Video

मुख्यमंत्री विजय और बुजुर्ग महिला की यह मुलाकात सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रही है। किसी ने विजय के इस व्यवहार को सादगी बताया तो किसी ने कहा कि वीडियो ने उनका दिल जीत लिया।

Share This Article