CG NEWS: शोले वाली बसंती की याद आई! प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी नाबालिग, नीचे जुटी भीड़ और ऊपर शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

News Power Zone
3 Min Read

हसौद। CG NEWS “बसंती, इन कुत्तों के सामने मत नाचना…” शोले का यह मशहूर डायलॉग तो आपने सुना ही होगा, लेकिन छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक ‘बसंती’ ऐसी भी निकली, जो प्रेमी के शादी से इनकार पर सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। ऊपर पहुंचते ही कूदने की धमकी देने लगी। नीचे तमाशबीनों की भीड़ जुट गई और मोबाइल कैमरे निकल आए। मामला बढ़ा तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

प्रेमी बोला शादी नहीं, तो टावर बनी ‘बसंती’ का ठिकाना

मामला हसौद थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एक नाबालिग लड़की का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब प्रेमी ने शादी से इनकार किया तो लड़की नाराज हो गई और देखते ही देखते मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

टावर के ऊपर पहुंचकर उसने नीचे छलांग लगाने की धमकी दे दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग इस खतरनाक घटनाक्रम का वीडियो बनाने में जुट गए।

पुलिस पहुंची तो शुरू हुआ ‘ऑपरेशन बसंती’

सूचना मिलते ही हसौद पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने नीचे से काफी देर तक नाबालिग को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं थी।

आखिरकार आरक्षक घनश्याम पांडे और कमलेश धारिया ने अपनी जान की परवाह किए बिना टावर पर चढ़ने का फैसला किया। दोनों आरक्षकों ने सूझबूझ और धैर्य से नाबालिग को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्यार का प्रपोजल या जान का रिस्क? टावर पर चढ़ना बन रहा नया ‘ट्रेंड’

प्रेमी से नाराजगी, शादी से इनकार या घरेलू विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने की धमकी देने के मामले अब चिंता बढ़ा रहे हैं। ऐसे मामलों में भीड़ जुटती है, मोबाइल कैमरे चालू होते हैं और देखते ही देखते पूरा मामला सोशल मीडिया के तमाशे में बदल जाता है।

लेकिन कुछ मिनटों की यह सनसनी जिंदगी भर का हादसा बन सकती है।

पुलिस ने उतारा टावर से, अब होगी काउंसलिंग

नाबालिग को सुरक्षित उतारने के बाद हसौद थाना लाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने अपील की है कि प्रेम संबंधों में विवाद या अनबन होने पर इस तरह जान जोखिम में न डालें। परिजनों, पुलिस या महिला हेल्पलाइन 181 से मदद ली जा सकती है।

प्रेमी को मनाने के लिए टावर पर चढ़ना प्यार का रास्ता नहीं, जिंदगी को खतरे में डालने वाला कदम है।

Share This Article