रायपुर

CG Liquor Scam : आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर गिरफ्तार…! ED की सूचना पर EOW एक्शन

रायपुर में हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी से सियासी हलचल

रायपुर। CG Liquor Scam : छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने 29 नवंबर 2023 को तीन लोगों से 28.8 लाख रुपये जब्त किए थे और आवश्यक कार्रवाई के लिए ब्यूरो को सूचना भेजी थी। इसके आधार पर EOW ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

अवैध भुगतान और कमीशनखोरी का खुलासा

विवेचना में सामने आया कि छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कंपनी लिमिटेड (CSMCL) के अधिकारियों ने कथित रूप से संबद्ध मैनपावर एजेंसियों को षड्यंत्रपूर्वक अवैध भुगतान किए। आरोप है कि इन भुगतानों का एक निश्चित हिस्सा कमीशन के रूप में लिया जाता था।

ED द्वारा जब्त की गई राशि कथित तौर पर मैनपावर एजेंसियों Eagle Inter Solution Limited और Alert Commandos Private Limited की ओर से दी जाने वाली रिश्वत की रकम थी। जांच एजेंसी का दावा है कि यह रकम तत्कालीन उप महाप्रबंधक CSMCL रहे नवीन प्रताप सिंह तोमर तक पहुंचाई जानी थी।

100 करोड़ की आर्थिक क्षति का आरोप

अब तक की जांच में यह संकेत मिले हैं कि CSMCL द्वारा मैनपावर एजेंसियों को अवैध भुगतान कर शासन को लगभग 100 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।

गिरफ्तारी के बाद तोमर को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। ब्यूरो का कहना है कि पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

इन धाराओं में जांच जारी

मामले की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7बी और 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत की जा रही है।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला लगातार नए खुलासों के साथ सुर्खियों में बना हुआ है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई संभव मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button