बिलासपुर, 29 अगस्त।CG Crime News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फसल चरने की मामूली बात को लेकर एक किसान की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान किसान को जबरन कीटनाशक पिला दिया गया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम पथराली का है। पुलिस के मुताबिक, मृतक राजू निर्मलकर (58 वर्ष) की मौत के मामले में उनकी पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और मर्ग जांच के आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि खेत की फसल चरने को लेकर आरोपियों का मृतक के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान आरोपियों ने किसान को पकड़कर जबरदस्ती कीटनाशक पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, कीटनाशक की डिब्बी को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाने की बात भी सामने आई।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ जगजीवन पठारी, उम्र 31 वर्ष, मनमोहन पठारी, उम्र 30 वर्ष, संदीप यादव, उम्र 21 वर्ष, राकेश निर्मलकर, उम्र 26 वर्ष, एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। मामले की जांच जारी है।












