कोरबा में शराब के नशे में रफ्तार का कहर: डिवाइडर से भिड़ी कार, एयरबैग ने बचाई दो युवकों की जान

कोरबा। कोरबा में देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर से मिनिमता कॉलेज मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन एयरबैग खुल जाने से चालक और उसके साथ बैठे युवक की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज गति से वाहन चला रहे थे। नियंत्रण बिगड़ते ही कार सीधे नगर निगम के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे के बाद युवकों ने अपने दोस्तों को बुलाया और मौके पर पहुंचे साथियों ने वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तक उखाड़ दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कार के भीतर और आसपास शराब की बोतलें बिखरी मिलीं। पुलिस ने वाहन और शराब की बोतलों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग मामले को सामान्य दुर्घटना बताकर शांत कराने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।



