Board Exam : बालोद में बोर्ड परीक्षा में छात्रों को नहीं दिया प्रवेश..! स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य टीआर रानाडे निलंबित
अनुचित व्यवहार और नियमों की अवहेलना
बालोद, 5 दिसंबर। Board Exam : बालोद जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दल्लीराजहरा के प्राचार्य टीआर रानाडे को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद हुई जिसमें प्राचार्य ने बोर्ड परीक्षा में दो परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया था।
18 जुलाई को हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा के दौरान, आदिवासी ब्लॉक डौंडी के दो छात्र करण कुमार उर्वशा और कुणाल भूआर्य पूरक परीक्षा में शामिल होने आए। दोनों छात्र निर्धारित समय से पहले सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे, लेकिन प्राचार्य ने उनके यूनिफॉर्म का पूरा न होने का हवाला देते हुए उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया।
छात्रों ने बताया कि शर्ट और टाई पहना हुआ था, लेकिन पैंट गीली होने के कारण नहीं पहन पाए थे। इसके बावजूद प्राचार्य ने उन्हें कंप्लीट यूनिफॉर्म में आने पर ही परीक्षा देने की अनुमति दी। छात्र पैंट बदलकर लौटे, लेकिन तब तक समय 10:15 बजे हो चुका था, और केंद्राध्यक्ष ने उन्हें देर होने के कारण परीक्षा से वंचित कर दिया।
जनप्रतिनिधियों और छात्रों की शिकायत पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को केंद्राध्यक्ष के पद से हटा दिया और डीईओ को निलंबन प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव ने टीआर रानाडे को निलंबित कर दिया, और निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय डीईओ कार्यालय बालोद निर्धारित किया गया।
अन्य शिकायतें और कारण
जांच में प्राचार्य टीआर रानाडे के खिलाफ अन्य कई गंभीर शिकायतें भी सही पाई गईं, शिक्षिका अल्का शर्मा के परिधान पर अनुचित टिप्पणी, 8 जुलाई को मध्यान्ह भोजन में कीड़े पाए जाने पर उच्च कार्यालय के नोटिस का जवाब न देना, पालकों के साथ अनुचित व्यवहार, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता इस कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि शिक्षा में नियमों का पालन और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा प्राथमिकता होगी।



