BJP President : किरण देव की जगह कौन? BJP के बड़े बयान से अटकलों पर ब्रेक

News Power Zone
3 Min Read

रायपुर, 01 सितंबर। BJP President : छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों पर पार्टी ने विराम लगा दिया है। प्रदेश भाजपा मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने स्पष्ट किया कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव से संबंधित मीडिया में चल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं और ऐसा कोई प्रस्ताव पार्टी के स्तर पर विचाराधीन नहीं है।

किरण देव के नेतृत्व में बदलाव की खबरें खारिज

किरण सिंह देव 29 जुलाई को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य को लेकर यह चर्चा तेज हो गई थी कि वापसी के बाद वे तत्काल पहले की तरह संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं हो पाएंगे। इसी आधार पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बदले जाने की अटकलें भी सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई थीं।

तोखन साहू, नारायण चंदेल और संतोष पांडेय के नामों की थी चर्चा

नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल और सांसद संतोष पांडेय के नाम संभावित प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर चर्चा में रहे। हालांकि, भाजपा ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि प्रदेश संगठन में नेतृत्व परिवर्तन का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।

मेदांता से छुट्टी, छत्तीसगढ़ सदन में स्वास्थ्य लाभ

सड़क हादसे के बाद उपचार करा रहे किरण देव को मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। वर्तमान में वे दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य में सुधार के बाद किरण देव जल्द ही भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में फिलहाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर किसी बदलाव की संभावना से पार्टी ने साफ इनकार कर दिया है।

भाजपा ने साफ किया रुख

भाजपा की ओर से जारी स्पष्टीकरण के बाद प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि किरण सिंह देव ही छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और नेतृत्व परिवर्तन का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

Share This Article