BJP Leadership : PM मोदी की मौजूदगी में नितिन नबीन को BJP अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी…! जेपी नड्डा के स्थान पर बने 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष

News Power Zone
2 Min Read
BJP Leadership

नई दिल्ली, 20 जनवरी। BJP Leadership : लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। पार्टी ने मंगलवार को पांच बार के विधायक नितिन नबीन को नया अध्यक्ष घोषित किया। यह ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में किया गया।

नितिन नबीन को कल निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। 45 वर्षीय नबीन इस पद पर आसीन होने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया, जो 2020 से पार्टी अध्यक्ष पद पर काबिज थे।

राजनीतिक पृष्ठभूमि

नितिन नबीन बिहार की राजनीति से जुड़े हैं और बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी चार बार बिहार विधानसभा के विधायक रहे। पिता के निधन के बाद साल 2006 में नबीन ने पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार बांकीपुर से चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया। बिहार सरकार में वे कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री रह चुके हैं।

चुनाव और समर्थन

बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने बताया कि केवल एक ही नाम प्रस्तावित किया गया था नितिन नबीन।उनके नाम के पक्ष में 37 नामांकन पत्रों के सेट दाखिल किए गए, जिनमें से 36 प्रदेश इकाइयों द्वारा और 1 सेट बीजेपी संसदीय दल द्वारा था। नबीन के लिए पीएम मोदी, पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन किया।

बीजेपी में नया अध्याय

नितिन नबीन बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। 1980 में ही बीजेपी की स्थापना हुई थी, वही साल नबीन का जन्म भी हुआ था। नबीन को दिसंबर 2025 में बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था। इस कदम के साथ बीजेपी ने अपने संगठन में युवा और अनुभव का संतुलन बनाने की दिशा में नया अध्याय शुरू कर दिया है।

Share This Article