BJP Leader Attack : कोरबा में दिनदहाड़े भाजपा नेता पर जानलेवा हमला…! स्टील रॉड से दोनों पैर तोड़े…जिला पंचायत सदस्य पर आरोप

News Power Zone
3 Min Read
Attack on BJP Leader

कोरबा, 15 जून। BJP Leader Attack : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। भाजपा के बालको नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित तौर पर स्टील रॉड और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें तोमर के दोनों पैर घुटने के नीचे से गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल शिव बालक सिंह तोमर का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। उन्होंने पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में रज्जाक अली और उसके साथियों के नाम बताए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रज्जाक अली और शिव तोमर के भतीजे के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर तनाव चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में एक मामले में तोमर के भतीजे की गिरफ्तारी भी हुई थी। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से शिव तोमर ने रज्जाक अली से बातचीत की पहल की थी।

सूत्रों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रज्जाक अली ने शिव तोमर को अपने वाहन में बैठाया और बातचीत के लिए किसी स्थान पर ले जाने की बात कही। आरोप है कि रास्ते में वाहन रोककर रज्जाक और उसके साथियों ने शिव तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने स्टील रॉड से उनके पैरों पर लगातार वार किए, जिससे दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

अस्पताल पहुंचे मंत्री और भाजपा नेता

घटना की जानकारी मिलते ही वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई भाजपा नेता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल शिव तोमर का हालचाल जाना।

मंत्री देवांगन ने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक को मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जुटी जांच में

घटना के बाद पुलिस ने घायल का बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हमले के बाद कोरबा की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है और मामला अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।

Share This Article