बिलासपुर, 09 अप्रैल। Bilaspur Police Action : जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बेलगहना थाना और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को भारी मात्रा में नकदी के साथ हिरासत में लिया है। युवक के पास से 17 लाख 90 हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
स्रोत पर सस्पेंस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन बजाज (35) निवासी बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो सूटकेस और एक बैग से 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के 81 बंडल बरामद हुए। कुल रकम 17.90 लाख रुपए पाई गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम (Bilaspur Police Action) का स्रोत क्या है और इसका संबंध किसी आपराधिक गतिविधि से है या नहीं। आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है।