FeaturedBreakingछत्तीसगढ़सामाजिक

Breaking : सुशासन तिहार शिविर में नशे में पहुंचा पंचायत सचिव, महिला सरपंच की शिकायत पर निलंबित…

धमतरी। जिले के ग्राम गट्टासिल्ली में सुशासन तिहार 2025 के तहत आयोजित समाधान शिविर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत आमदी के सचिव राम प्रसाद सोरी शराब के नशे में शिविर में पहुंचे, जिसके बाद महिला सरपंच की शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया।

बता दें कि गट्टासिल्ली में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों का निराकरण और हितग्राहियों को लाभ वितरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम पंचायत आमदी के सचिव राम प्रसाद सोरी नशे की हालत में शिविर में पहुंचे। गांव की महिला सरपंच ने इसकी शिकायत करते हुए बताया कि सचिव नियमित रूप से शराब पीकर पंचायत कार्यालय आता है, जिसके कारण पंचायत के कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिविर में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी मौजूद थे। उन्होंने सचिव की अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया और जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव को तत्काल निलंबन के निर्देश दिए। इसके बाद सीईओ ने सचिव को नोटिस जारी किया, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर राम प्रसाद सोरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत नगरी निर्धारित किया गया है और उन्हें शासन के नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

CG Suspended : समाधान शिविर में सांसद भोजराज नाग के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला पंचायत सदस्य अजय फत्ते लाल ध्रुव, जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगरी अनुविभाग के एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत नगरी के सीईओ सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button