Beating to Death : बारात में आए युवक की पीट-पीटकर हत्या…शव डबरी में फेंका
Beating to Death : अंबिकापुर के पोतका गांव की घटना, पुरानी रंजिश में वारदात
अंबिकापुर, 16 मार्च। Beating to Death : सरगुजा जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई हिंसक घटना में बारात में आए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना अंबिकापुर के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित पोतका गांव की है। आरोपियों ने युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को पानी से भरे डबरी में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने डबरी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ गांव से कुछ युवक पोतका गांव में आयोजित शादी समारोह में बारात के साथ आए थे। इसी दौरान पोतका गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर हनुमानगढ़ के युवकों से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी एक शादी समारोह में दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हनुमानगढ़ के युवकों ने पोतका के कुछ युवकों की पिटाई कर दी थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।
युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा
रविवार रात जब बारात पोतका गांव पहुंची, तो पुरानी रंजिश फिर सामने आ गई। पोतका के युवकों ने बारात में आए हनुमानगढ़ के युवकों पर अचानक हमला कर दिया। हमले से बारात में अफरा-तफरी मच गई और कई युवक अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। इसी दौरान 25 वर्षीय शीतल मौके से नहीं निकल सका। हमलावर युवकों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीट दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव डबरी में फेंककर फरार हुए आरोपी
हत्या के बाद आरोपियों ने शीतल के शव को गांव से कुछ दूरी पर स्थित पानी से भरे डबरी में फेंक दिया और फरार हो गए। इधर रात में ही हनुमानगढ़ के युवकों ने पुलिस को शीतल के साथ मारपीट और उसके लापता होने की सूचना दे दी थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने डबरी में एक युवक का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
एक संदेही हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान हनुमानगढ़ निवासी शीतल के रूप में की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह के अनुसार मामले में एक संदेही युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद आसपास के गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।



