Bear Attack : गरियाबंद में भालुओं का आतंक…! 6 भालुओं ने दो ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला…हालत गंभीर
जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह करने के दौरान किया अटैक
गरियाबंद, 02 मई। Bear Attack : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में भालुओं का आतंक देखने को मिला है। जिले के हरदी गांव के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर एक साथ 6 भालुओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना गरियाबंद वनमंडल के सड़क परसुली वनपरिक्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रोजमर्रा की तरह जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह करने गए थे, तभी अचानक भालुओं के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों ग्रामीणों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल गरियाबंद जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।



