Bajaj Finance : चोरी के जेवरात बिना दस्तावेज गिरवी…! बजाज फाइनेंस की महिला कर्मी गिरफ्तार

News Power Zone
2 Min Read
Bajaj Finance

रायपुर, 27 दिसंबर। Bajaj Finance : थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बजाज फाइनेंस की एक महिला फाइनेंसकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने बिना किसी वैध दस्तावेज के चोरी के सोने-चांदी के जेवरात गिरवी रखे, जो कानूनन अपराध है।

पुलिस के मुताबिक, परसुराम नगर पुरैना निवासी सुशीला जाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह स्वास्थ्य कारणों से परिवार सहित उड़ीसा गई थीं। 25 अक्टूबर 2025 को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी हो चुकी है। इस पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 278/25 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले चोरी को अंजाम देने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक और आरोपी आशीष नेताम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आशीष नेताम ने खुलासा किया कि चोरी के जेवरात तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे गए थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने बजाज फाइनेंस तेलीबांधा में जांच की, जहां सनोहर जाहां नामक महिला फाइनेंसकर्मी द्वारा बिना वैध दस्तावेज के चोरी के जेवरात गिरवी रखने की पुष्टि हुई। इस पर महिला आरोपी को धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

महिला आरोपी की निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवरात जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों और अपचारी बालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार महिला आरोपी
सनोहर जाहां, पिता स्व. हफीज खान, उम्र 27 वर्ष, निवासी पंडरी, झंडा चौक, थाना मोवा, जिला रायपुर।

 

TAGGED:
Share This Article