ACB Trap: 20 हजार की रिश्वत लेते घूसखोर पटवारी गिरफ्तार, रिकॉर्ड दुरुस्त करने मांग रहा था घूस

News Power Zone
2 Min Read

सक्ती। फौती नामांतरण के लिए किसान से 20 हजार की रिश्वत मांगने वाले पटवारी को एसीबी ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के ग्राम कैथा के निवासी रामशरण कश्यप की शिकायत पर ACB ने तहसील कार्यालय में पदस्थ पटवारी पवन सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामशरण कश्यप ने ACB कार्यालय, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर ग्राम कैथा में स्थित जमीन के बी-1 ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनके पिता का नाम दर्ज नहीं हो रहा था। इस त्रुटि को सुधारने के लिए रामशरण ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। एसडीएम कार्यालय ने इस मामले में तहसीलदार को रिकॉर्ड दुरुस्त करने का निर्देश जारी किया।

इसके बाद तहसीलदार ने मामले की जिम्मेदारी पटवारी पवन सिंह को सौंपी। जब रामशरण कश्यप ने पटवारी से संपर्क किया, तो पवन सिंह ने रिकॉर्ड सुधारने के एवज में 20 हजार की रिश्वत की मांग की। रामशरण ने इसकी शिकायत ACB से की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद 2 मई को ACB ने ट्रैप की योजना बनाई और रामशरण कश्यप से पटवारी को रिश्वत की राशि देने को कहा। जैसे ही पटवारी पवन सिंह ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पटवारी पवन सिंह को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की जांच में अन्य संलिप्त अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा सकती है।

Share This Article