Featuredक्राइमछत्तीसगढ़

ACB ने 1.76 लाख की रिश्वत लेते पांच अधिकारी-कर्मियों को दबोचा..चार जिलों में एक साथ कार्रवाई…

रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को चार जिलों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान 1.76 लाख की रिश्वत के साथ पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। जीपीएम में लोकपाल, कवर्धा में सहायक लेखाधिकारी, महासमुंद में महिला उप पंजीयक व सहयोगी और रायगढ़ में शिक्षा विभाग के बाबू को दबोचा गया है।

 

बिलासपुर की एसीबी इकाई ने जीपीएम (गौरेला पेंड्रा-मरवाही) जिले के गौरेला जनपद पंचायत में पदस्थ लोकपाल वेद प्रकाश पांडेय को 25 हजार की रिश्वत के साथ पकड़ा। यहां पदस्थ कार्यक्रम अधिकारी रोशन शराफ ने शिकायत की थी। अमृत सरोवर निर्माण कार्य में अनियमितता की जांच कर रहे लोकपाल ने रिश्वत मांगी थी।

कवर्धा में बोडला जनपद पंचायत के सहायक लेखाधिकारी नरेंद्र कुमार राउतकर ने आंगनबाडी भवन निर्माण का बिल पास कराने के लिए एक लाख की रिश्वत मांगी थी, इसलिए उनको रंगे हाथ दबोचा गया। महासमुंद जिले में सरायपाली की उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग को रजिस्ट्री के एवज में 26 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया। उसके सहयोगी शत्रुधन तांडी को भी पकड़ा गया। कवर्धा और महासमुंद मामले में आरोपितों की संपत्ति की जांच जारी है।

आय से अधिक संपत्ति का अनुमान

अनुमान है कि दोनों ने आय से अधिक संपत्ति बनाई है। रायगढ़ में चार लाख का बिल पास कराने के लिए 25 हजार की रिश्वत मांग रहे शिक्षा विभाग के बाबू ओमप्रकाश नवरतन को पकड़ा गया।

Related Articles

Back to top button