बुझे हुए दिए से शमा रोशन नहीं की जा सकती…’ भाजपा नेता अनिल विज ने केजरीवाल पर साधा निशाना; जानिए क्या है पूरा मामला

News Power Zone
3 Min Read

दिल्ली। हरियाणा में आम आदमी पार्टी पांव जमाने उतरी है। 90 की 90 विधानसभा सीटों पर AAP ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी उम्मीद कर रही है कि हरियाणा में जीत नहीं तो कम से कम वो किंगमेकर की भूमिका में आ सकती है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद हरियाणा चुनाव में ‘किंगमेकर’ बनने का दावा कर चुके हैं। इसको लेकर अब अपने अंदाज के लिए मशहूर बीजेपी के नेता अनिल विज ने शायराना अंदाज में केजरीवाल को जवाब दिया है।

अंबाला कैंट विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अनिल विज ने अरविंद केजरीवाल पर हरियाणा चुनाव में ‘किंगमेकर’ बनने के उनके दावे को लेकर निशाना साधा और कहा कि देश में AAP का प्रभाव खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि AAP का दिया हिंदुस्तान में बुझ चुका है। ये पार्टी अन्ना हजारे के आंदोलन से पैदा हुई थी। अन्ना हजारे के आंदोलन में राजनीतिक पार्टी बनाने की बात नहीं थी। जब लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट हो रहे थे, तब उन्होंने अपनी पार्टी बनाई और अब वो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में AAP को नकार दिया है। विज ने आगे कहा, ‘आप का दिया बुझ चुका है, बुझे हुए दिए से शमा रोशन नहीं हो सकती।’

 

हरियाणा में अपने दम पर चुनाव लड़ रही है AAP

कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन वार्ता विफल होने के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ रही है। पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी के अभियान में शामिल होते हुए यमुनानगर जिले में एक रोड शो किया और इस दौरान दावा किया कि AAP हरियाणा में निर्णायक भूमिका निभाएगी और इसके समर्थन के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी। केजरीवाल ने दावा किया कि पूरा राज्य बदलाव चाहता है। लोग 5 अक्टूबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी को बाहर कर देंगे।

हरियाणा में मतदान 5 अक्टूबर को

हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा। जम्मू-कश्मीर में 8 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। 2019 में भारतीय जनता पार्टी 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। कांग्रेस ने 30 सीटें जीती थीं।

 

 

Share This Article