क्राइम: पति ने पत्नी और तीन बच्चों को उतारा मौत के घाट, फिर थाने में जाकर किया सरेंडर

Desk Reporter
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या कर डाली. दरअसल, उसे शक था कि उसकी बीवी का किसी और युवक के साथ अफेयर चल रहा है. मामला मस्तूरी थानाक्षेत्र के हिर्री इलाके का है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

बिलासपुर के एसपी संतोष सिंह के मुताबिक, 35 साल के उमेंद्र केवट ने सोमवार देर रात वारदात को अंजाम दिया. वो शराब पीकर घर लौटा तो उसका बीवी से झगड़ा हो गया. उसने पत्नी पर इल्जाम लगाते हुए कहा कि उसके किसी गैर मर्द के साथ अवैध संबंध हैं. पत्नी ने इसका विरोध किया तो उसे गुस्सा आ गया.

रस्सी से गला घोंटकर मार डाला

उसने किचन से रस्सी उठाई. फिर पत्नी का गला घोंटकर उसे मार डाला. यही नहीं, उमेंद्र ने अपने छोटे-छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा. उसने एक-एक करके उनका भी गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया. बच्चों की उम्र महज 5, 4 और दो साल थी. दो बेटियों, एक बेटे और पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया. बताया जा रहा है कि वह पत्नी और बच्चों से अक्सर मारपीट करता था. आरोपी नशे का भी आदी है.

कोर्ट में किया जाएगा आरोपी को पेश

एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. वहीं, चारों शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. मामले में आगामी जांच जारी है.

Share This Article