Katghora News: जीवांश हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता रहस्यमय तरीके से गायब हुई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जेंजरा क्षेत्र में फांसी पर लटकी मिली लाश, अस्पताल की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
कोरबा/कटघोरा।Katghora News: एक तरफ अस्पताल में नवजात की किलकारी गूंजी, तो दूसरी तरफ कुछ ही देर बाद परिवार अपनी बच्चे की मां को तलाशता रह गया। कटघोरा के जीवांश हॉस्पिटल से डिलीवरी के बाद प्रसूता के रहस्यमय तरीके से गायब होने और बाद में उसका शव जेंजरा क्षेत्र में फांसी के फंदे पर लटका मिलने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
महिला डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी और उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद आखिर किन परिस्थितियों में वह अस्पताल से गायब हुई, यह पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल बन गया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद जेंजरा क्षेत्र में महिला का शव बरामद हुआ।
अब सवाल सिर्फ महिला की मौत का नहीं, बल्कि अस्पताल की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था का भी है।
प्रसूता जैसी संवेदनशील स्थिति में भर्ती महिला आखिर अस्पताल से बाहर कैसे चली गई? क्या अस्पताल में मरीजों की आवाजाही पर निगरानी की कोई व्यवस्था थी? क्या महिला के गायब होने की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को तत्काल हुई? यदि हुई, तो परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना कब दी गई? और यदि जानकारी नहीं हुई, तो अस्पताल की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी थी?
बच्चे को जन्म देने के बाद एक मां अस्पताल से गायब हो जाती है और कुछ समय बाद उसकी लाश फांसी के फंदे पर मिलती है। घटनाक्रम की यह कड़ी अपने आप में कई गंभीर सवाल खड़े करती है। इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन से भी लिया जाना जरूरी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला अस्पताल से कब निकली, किन परिस्थितियों में निकली, वह जेंजरा क्षेत्र तक कैसे पहुंची और उसके साथ रास्ते में क्या हुआ, पुलिस इन तमाम बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।
इस पूरी घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस बच्चे ने दुनिया में आते ही मां की उंगली थामनी थी, वह अब मां के साए के बिना बड़ा होगा। परिवार ने जिस दिन बच्चे के जन्म की खुशी मनाई, उसी के बाद उसके सामने ऐसा दुख खड़ा हो गया जिसकी कल्पना भी शायद किसी ने नहीं की थी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? अस्पताल से उसके गायब होने में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं? इन सवालों का सच पुलिस जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


