Korba Crime: पुराने बस स्टैंड के पास होटल का पता पूछकर दो ठगों ने महिला को सम्मोहन में फंसाया और करीब 6 लाख के सोने के गहने उतरवा लिए। पुलिस CCTV से संदिग्धों की तलाश में जुटी।
कोरबा।Korba Crime कोरबा के पुराने बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े ठगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दो शातिर युवकों ने पहले महिला से होटल का पता पूछा, फिर उसे अपनी बातों में ऐसा उलझाया कि महिला उनके साथ गली की ओर चली गई। इसके बाद जो हुआ, उसने महिला को भी हैरान कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला ने खुद अपने हाथों से सोने की चेन और चार अंगूठियां उतारकर युवकों को सौंप दीं। ठगों ने गहनों को रुमाल में बांधा और मौके से फरार हो गए। महिला को कुछ देर बाद जब घटना का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए।
पहले पता पूछा, फिर गली में ले गए
राताखार निवासी महिला खरीदारी के लिए निकली थी। पुराने बस स्टैंड के पास दो युवकों ने उससे एक होटल का पता पूछा। बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने महिला को अपने प्रभाव में लिया और होटल दिखाने के बहाने मेन रोड से अंदर गली की ओर ले गए।
महिला के अनुसार, इसी दौरान वह सम्मोहन जैसी स्थिति में आ गई और उसने अपनी सोने की चेन तथा चार अंगूठियां उतारकर युवकों को दे दीं। दोनों ने गहनों को रुमाल में बांधा और वहां से निकल गए।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। उसने अपने पति को बुलाया और दोनों सिटी कोतवाली पहुंचे। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्ध महिला से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने आसपास के होटल और लॉज में भी संदिग्धों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला।
40-50 ग्राम सोना, कीमत करीब 6 लाख
महिला के अनुसार, चेन और चारों अंगूठियों का कुल वजन करीब 40 से 50 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।सिटी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की जांच के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दो युवकों ने महिला को ऐसा क्या कहा कि उसने बिना किसी विरोध के लाखों के गहने खुद उतारकर उनके हवाले कर दिए?











