Raigarh PDS Scam : रायगढ़ में PDS राशन का बड़ा खेल! दो दुकानों में 31 लाख से ज्यादा के चावल-नमक-शक्कर गायब, 2 महिलाएं गिरफ्तार

News Power Zone
4 Min Read

रायगढ़, 14 सितंबर। Raigarh PDS Scam : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS के राशन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में कुल 31 लाख 75 हजार रुपये से अधिक कीमत के चावल, शक्कर और नमक की कमी मिली है। आरोप है कि हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया गया। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

ससकोबा PDS दुकान में 12.89 लाख के राशन की कमी

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये बताई गई है। जांच में अगस्त 2026 के दौरान हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगर लगवाने के बाद राशन वितरित नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।

संचालन एजेंसी की अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार

जांच रिपोर्ट के आधार पर सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को रिमांड पर भेजा गया है। वहीं दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया को भी मामले में आरोपी बनाया गया है, लेकिन वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।

गनपतपुर दुकान से 18.86 लाख का खाद्यान्न गायब

ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खाद्यान्न की कमी मिली। भौतिक सत्यापन में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। खाद्य विभाग के अनुसार, इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है। इस दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाना बताया गया है।

चार आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी

गनपतपुर मामले में समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान की भूमिका जांच के दायरे में है। पुलिस ने खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट और पंचनामा के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। दोनों मामलों में रैरूमाखुर्द चौकी में अपराध क्रमांक 288/2026 और 289/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ससकोबा का विक्रेता बिहारी राठिया और गनपतपुर से जुड़े रूबीना खान, शाहिन खान व शहनवाज खान की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

SSP का सख्त संदेश- राशन में हेराफेरी बर्दाश्त नहीं

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए शासन की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले राशन में किसी भी तरह की हेराफेरी या गबन करने वालों पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस दोनों मामलों की विवेचना कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Share This Article