Korba Fly Ash Action :रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास पकड़े गए वाहन.. धनरास राखड़ बांध से ऐश लाकर हो रही थी कथित अवैध डम्पिंग, पर्यावरण संरक्षण मंडल ने ठोकी बड़ी क्षतिपूर्ति
कोरबा। Korba Fly Ash Action :फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डम्पिंग को लेकर कोरबा में बड़ा एक्शन हुआ है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई के बाद फ्लाई ऐश के परिवहन और डम्पिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला 09 सितम्बर की रात रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास गुप्ता होटल के समीप का है। पर्यावरण संरक्षण मंडल को मिली सूचना के बाद टीम ने मौके पर जांच की। यहां वाहनों के जरिए फ्लाई ऐश डम्प किए जाने की बात सामने आई।
धनरास राखड़ बांध से लोड हुई थी फ्लाई ऐश
जांच में सामने आया कि संबंधित वाहनों में एनटीपीसी जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड की गई थी और उसे संबंधित स्थल पर डम्प किया जा रहा था। मामला सामने आते ही पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एनटीपीसी के अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक निर्देश जारी किए।
मौके पर डम्प की गई फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एनटीपीसी जमनीपाली के विरुद्ध 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है।
रात में ऐश की आवाजाही, अब निगरानी और सख्त
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने स्पष्ट किया है कि फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डम्पिंग पर विभाग की निगरानी जारी है। ऐसे मामलों में वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
फ्लाई ऐश का अनधिकृत डम्पिंग पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसी गतिविधियां सामने आने पर जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लेकर निकले वाहन आखिर किसकी अनुमति और किस व्यवस्था के तहत निर्धारित स्थल तक पहुंचे? 15 लाख की कार्रवाई ने फ्लाई ऐश के परिवहन और निस्तारण की पूरी व्यवस्था को एक बार फिर जांच के घेरे में ला दिया है।












