Post Office Scam : अंबिकापुर पोस्ट ऑफिस FD घोटाला: 15 खातों से 35 लाख से ज्यादा की हेराफेरी, 3 कर्मचारी सस्पेंड

News Power Zone
4 Min Read

अंबिकापुर, 09 सितंबर। अंबिकापुर प्रधान डाकघर में फिक्स डिपॉजिट (FD) की मैच्योरिटी रकम में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में करीब 15 खातेदारों की 35 लाख रुपये से अधिक की रकम उनके बचत खातों में जमा करने के बजाय दूसरे खातों में ट्रांसफर कर निकाले जाने की बात सामने आई है। मामले में जांच के बाद विभाग ने तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

मामला उस समय सामने आया जब बलरामपुर जिले के खाताधारक सिराजुल हक ने शिकायत की कि पोस्ट ऑफिस में जमा उनकी FD मैच्योर हो चुकी है, लेकिन उसकी रकम उनके बचत खाते में जमा नहीं हुई। नियमानुसार FD की अवधि पूरी होने के बाद मैच्योरिटी राशि संबंधित खाताधारक के बचत खाते में जमा की जानी थी। रकम नहीं मिलने पर उन्होंने विभाग में शिकायत दर्ज कराई।

15 खातों में 35 लाख से ज्यादा की गड़बड़ी

शिकायत मिलने के बाद पोस्ट ऑफिस के सहायक अधीक्षक अजय सिंह चौहान के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में मार्च 2026 से अब तक करीब 15 खातों में 35 लाख रुपये से अधिक की राशि की हेराफेरी सामने आई। इसमें शिकायतकर्ता सिराजुल हक की FD की रकम भी शामिल बताई गई है।

जांच में सामने आया कि कई खातों की FD मैच्योर होने के बाद रकम संबंधित खाताधारकों के बचत खातों में भेजने के बजाय अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई। इसके बाद इन खातों से रकम निकाल ली गई।

विभाग अब उन अन्य खातों की भी जांच कर रहा है, जिनकी FD पिछले कुछ महीनों में मैच्योर हुई हैं। ऐसे में प्रभावित खातों और गड़बड़ी की कुल रकम बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

CPC प्रक्रिया में गड़बड़ी, तीन कर्मचारी निलंबित

पोस्ट ऑफिस में FD की मैच्योरिटी के बाद रकम को खाताधारक के बचत खाते में भेजने की प्रक्रिया सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर (CPC) के माध्यम से होती है। इस प्रक्रिया में डाटा एंट्री ऑपरेटर, सुपरवाइजर और पोस्ट मास्टर की भूमिका रहती है।

विभागीय जांच में डाटा एंट्री ऑपरेटर रामजी लाल मीना, इंश्योरेंस का काम देखने वाली सुपरवाइजर श्वेता श्रीवास्तव और पोस्ट मास्टर मनोज पाण्डेय की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। पोस्ट मास्टर की ओर से भी लापरवाही सामने आने का उल्लेख जांच में किया गया है।

जांच पूरी होने के बाद दर्ज होगी FIR

मामले की जांच के बाद विभाग ने तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। सहायक अधीक्षक अजय सिंह चौहान के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी।

खाताधारकों को राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू

जिन खाताधारकों की FD की रकम में गड़बड़ी हुई है, उन्हें राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया भी विभाग ने शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि पूरे मामले में कितने खाते प्रभावित हुए और कुल कितनी रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर निकाली गई।

Share This Article