Janta Union Lifetime Organizational Service Award 2026: आजीवन संगठन सेवा सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान, वरिष्ठों ने युवाओं को सौंपी संगठन की विरासत।
कोरबा। Janta Union Lifetime Organizational Service Award 2026: बिजली कंपनी की नौकरी से भले ही 28 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गए हों, लेकिन संगठन के प्रति उनका जुनून और कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष आज भी कायम है। कोरबा में जनता यूनियन ने इन्हीं जुझारू वरिष्ठ साथियों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया। साथ ही नई पीढ़ी को वरिष्ठों के अनुभव से सीख लेकर संगठन की विरासत आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

जमनीपाली स्थित श्री परमेश्वरी होटल में आयोजित ‘आजीवन संगठन सेवा सम्मान समारोह-2026’ में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी से सेवानिवृत्त 28 वरिष्ठ सदस्यों का शॉल, श्रीफल और सम्मान पत्र से अभिनंदन किया गया। सम्मान के दौरान वरिष्ठ साथियों की वर्षों पुरानी संघर्ष यात्रा की यादें ताजा हुईं और कई भावुक क्षण भी देखने को मिले।

अनिल द्विवेदी बोले- रिटायरमेंट नौकरी से, संगठन से नहीं!
समारोह के मुख्य अतिथि एवं जनता यूनियन के प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारी की सेवानिवृत्ति केवल शासकीय सेवा से होती है, संगठन से नहीं। वरिष्ठ साथियों का अनुभव, चिंतन और संगठन के प्रति उनका लगाव आज भी संगठन की बड़ी पूंजी है। उनका मार्गदर्शन वर्तमान पीढ़ी के कर्मचारियों को संघर्ष की सही दिशा दिखा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनता यूनियन अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान और उनके अनुभव का लाभ संगठन को आगे बढ़ाने के लिए लेती रहेगी।
समेलाल श्रीवास बोले- वरिष्ठ साथी युवाओं के लिए आइडियल
जनता यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष समेलाल श्रीवास ने वरिष्ठ साथियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बिजली कंपनी में लंबे समय तक कार्य करने वाले वरिष्ठ कर्मचारी नई पीढ़ी के लिए किसी आइडियल से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक सेवा के दौरान वरिष्ठ साथियों ने जो अनुभव हासिल किया है, वह संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ आने वाले समय में संगठन को मिलेगा। वरिष्ठ साथियों की कार्यशैली और संघर्ष से युवाओं को सीख लेकर संगठन को और मजबूत करना चाहिए।
‘वरिष्ठों का सम्मान ही संगठन की मजबूती’
विशिष्ट अतिथि प्रदीप पाठक ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ साथियों के सम्मान से तय होती है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सेवाकाल में कर्मचारी हितों के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
अतिविशिष्ट अतिथि उमाशंकर वर्मा ने कहा कि कर्मचारी हितों की लड़ाई में वरिष्ठ साथियों की भूमिका कभी खत्म नहीं होती। उन्होंने संगठन को और मजबूत करने के लिए एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
एस. ए. सईद ने युवाओं को दिया संदेश
सेवानिवृत्त अतिविशिष्ट अतिथि एस. ए. सईद ने समारोह की सराहना करते हुए कोरबा शाखा के युवा साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का अनुभव संगठन की अमूल्य धरोहर है। युवाओं को इस अनुभव से सीख लेकर संगठन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
वहीं सम्मानित सेवानिवृत्त सदस्य डी. एस. दीक्षित ने जनता यूनियन के प्रति आभार जताते हुए संगठन के साथ अपने लंबे सफर की यादें साझा कीं।
इन 28 वरिष्ठ साथियों को मिला सम्मान
जनता यूनियन ने उमेश कुमार श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण यादव, दुर्गा शंकर दीक्षित, टी. पी. गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, सत्यनारायण राठौर, सुंदरलाल साहू, उमाशंकर सिंह, छविराम साहू, जोहित राम राठौर, विजय मेहरा, गोरेलाल पांडेय, दिलीप कुमार देवलवार, विनोद कुमार यादव, युवराज दास वैष्णव, बजरंग हलवाई, एन. आर. घारघे, आर. सी. भास्कर, गेंदराम साहू, देवी प्रसाद साहू, परसराम साहू, उचित प्रसाद दुबे, भरतलाल यादव, संपत दास, मेलाराम देवांगन, हरनारायण राठौर, आर. पी. सिंह एवं जी. एस. राठौर को सम्मानित किया।
सभी वरिष्ठ साथियों को शॉल, श्रीफल और सम्मान पत्र प्रदान कर उनके संगठनात्मक योगदान को नमन किया गया।
युवाओं ने संभाला मोर्चा, समारोह बना यादगार
समारोह को सफल बनाने में सर्किल अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव, सचिव घनश्याम गबेल, प्रांतीय सदस्य संजय लसार एवं प्रमोद राठौर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का संचालन उदय राठौर एवं दिनेश कुमार चंद्रा ने किया। आभार प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से कहा गया कि जनता यूनियन अपने वरिष्ठ साथियों के योगदान को कभी नहीं भूलेगा।
समारोह का मूल संदेश भी यही रहा कि बिजली कंपनी की सेवा से विदाई हो सकती है, लेकिन कर्मचारी हितों की लड़ाई, संगठन के प्रति समर्पण और संघर्ष का कोई रिटायरमेंट नहीं होता।












