Eklavya Girl Students Foot March : कलेक्टर से मिलने 20 किमी पैदल चलीं एकलव्य कन्या स्कूल की 250 छात्राएं, जानें क्या थी समस्या

News Power Zone
4 Min Read

अंबिकापुर, 07 सितंबर। Eklavya Girl Students Foot March :  छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एकलव्य कन्या आवासीय विद्यालय की करीब 250 छात्राओं ने स्कूल और छात्रावास की अव्यवस्थाओं के खिलाफ शिकायत लेकर करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने के लिए निकलीं। प्रशासन ने बाद में छात्राओं को करीब 10 किलोमीटर बस से अंबिकापुर पहुंचाया।

अंबिकापुर पहुंचने के बाद छात्राओं को करीब दो घंटे तक पॉलिटेक्निक कॉलेज में रखा गया। इसके बाद ट्राइबल विभाग के अधिकारियों के साथ छात्राओं को कलेक्टर कार्यालय ले जाया गया। यहां छात्राओं ने बंद कमरे में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की और विद्यालय व छात्रावास से जुड़ी अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।

बिजली, पानी और भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायत

कलेक्टर से मुलाकात के दौरान छात्राओं ने विद्यालय और हॉस्टल में बिजली, पानी और भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायत की। छात्राओं का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनके मुताबिक फिजिक्स और केमिस्ट्री के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

एक महीने से बिजली की समस्या

छात्राओं ने कलेक्टर को बताया कि विद्यालय में करीब एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। छात्राओं के मुताबिक लंबे समय से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा प्रभावित होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राचार्य की कार्यप्रणाली की शिकायत

छात्राओं ने विद्यालय की प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य के संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्याएं बनी रहीं।

छात्राओं ने कलेक्टर से स्कूल और हॉस्टल की व्यवस्थाओं की जांच कराने, बिजली-पानी और भोजन व्यवस्था में सुधार करने, पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और प्राचार्य से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया तो पैदल मार्च

छात्राओं का कहना है कि उन्होंने स्कूल स्तर पर कई बार अपनी समस्याएं सामने रखीं, लेकिन जब समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने सीधे जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का फैसला किया। इसी के तहत बड़ी संख्या में छात्राएं सामूहिक रूप से पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं थी।

जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई: कलेक्टर

छात्राओं से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि छात्राओं की प्रमुख शिकायत करीब एक माह से बिजली नहीं होने को लेकर है। इसके अलावा छात्राओं ने फिजिक्स और केमिस्ट्री के शिक्षकों के नहीं आने तथा हॉस्टल में साफ-सफाई की कमी की बात कही है।

कलेक्टर ने बताया कि इन तीनों प्रमुख बिंदुओं की जांच के लिए एसी ट्राइबल को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article