Korba Nagar Nigam Welcome Gate: कोरबा के गेट चमकेंगे, शहर की हालत कब चमकेगी? 8 थीम पर मांगे डिजाइन, जनता बोली- आयुक्त साहब पहले अंदर का कोरबा देखिए!

News Power Zone
5 Min Read

Korba Nagar Nigam Welcome Gate : कोरबा में 8 थीम पर स्वागत द्वार बनाने की तैयारी है। निगम ने डिजाइन मांगे हैं, लेकिन सवाल उठ रहा है कि गेट चमकेंगे तो शहर की सड़कें और व्यवस्थाएं कब चमकेंगी?

कोरबा। Korba Nagar Nigam Welcome Gate : ऊर्जाधानी कोरबा के प्रवेश द्वार अब नए रंग-रूप में नजर आएंगे। नगर पालिक निगम कोरबा ने शहर के प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित स्वागत द्वार बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए आम नागरिकों और कलाकारों से आठ अलग-अलग थीम पर डिजाइन और प्रस्ताव मांगे गए हैं। चयनित डिजाइन के कलाकारों को सम्मानित करने के साथ नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि “आप सबकी सोच से आपके शहर का द्वार सजेगा।”

निगम की इस पहल के बीच शहर में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि जब शहर का द्वार नागरिकों की सोच से सजेगा, तो शहर के अंदर की तस्वीर किसकी सोच से बदलेगी?

एलईडी से जगमगाएगा गेट, सड़क के गड्ढे कौन भरेगा?

निगम ने ऊर्जा द्वार, कोयला द्वार, हसदेव द्वार, आदिवासी संस्कृति द्वार, हरित कोरबा द्वार, औद्योगिक कोरबा द्वार, जनजातीय एवं ग्रामीण विरासत द्वार तथा भविष्य का कोरबा द्वार जैसी आठ थीम तय की हैं।

प्रस्तावित डिजाइनों में बिजली के टावर, खनन उपकरण, हसदेव नदी, जनजातीय कला, हरियाली, औद्योगिक विकास, ग्रामीण विरासत और स्मार्ट सिटी की आधुनिक अवधारणा को शामिल किया जाएगा। कई थीम में एलईडी लाइटिंग और लैंडस्केपिंग का भी प्रावधान रखा गया है।

योजना कागज पर जितनी आकर्षक दिखाई दे रही है, उतना ही शहर के नागरिकों के बीच यह सवाल भी चर्चा में है कि गेट पर एलईडी की रोशनी होगी, लेकिन गेट के बाद सड़क के गड्ढों पर कौन रोशनी डालेगा?

विपक्ष सुझा सकती है कुछ नई थीम!

निगम ने नागरिकों और कलाकारों से सुझाव मांगे हैं। ऐसे में शहर के लोग और विपक्षी नेता व्यंग्य के तौर पर कुछ नई थीम भी सुझा सकते हैं।

“गड्ढों वाला कोरबा द्वार”

जिसमें शहर की सड़कों के गड्ढों को आधुनिक वास्तुकला का हिस्सा बनाया जाए।

“जाम में आपका स्वागत है द्वार”
जहां शहर में प्रवेश करते ही वाहन चालक यातायात व्यवस्था के बीच कुछ समय शहर की सुंदरता निहार सकें।

“नाली दर्शन द्वार”
जिसमें बरसात के दौरान सड़क और नाली के बीच का अंतर तलाशने की सुविधा हो।

“कचरा मुक्त फोटो प्वाइंट”
जहां फोटो खिंचाते समय कैमरे का एंगल सही रखना जरूरी हो।

और सबसे खास “भविष्य का कोरबा द्वार”, जिसमें भविष्य की सड़कें, बेहतर सफाई और सुचारू यातायात व्यवस्था का भी मॉडल दिखाया जाए।

स्वागत द्वार के साथ शहर की तस्वीर बदलने की जरूरत

शहर का सौंदर्यीकरण हो और प्रवेश मार्ग आकर्षक बनें, यह निश्चित रूप से अच्छी पहल है। लेकिन सवाल यह है कि सौंदर्यीकरण सिर्फ स्वागत द्वार तक सीमित रहे या उन सड़कों और इलाकों तक भी पहुंचे, जहां से होकर नागरिक इन द्वारों तक पहुंचेंगे।

यदि शहर में प्रवेश करते ही शानदार आर्च, एलईडी और लैंडस्केपिंग दिखाई दे, लेकिन आगे टूटी सड़क, गंदगी, जलभराव, अतिक्रमण या यातायात की समस्या सामने आए, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि यह स्वागत द्वार आखिर किस चीज का स्वागत कर रहा है?

20 सितंबर तक दे सकते हैं प्रस्ताव

नगर निगम ने आम नागरिकों और कलाकारों से 20 सितंबर तक प्रस्ताव मांगे हैं। इच्छुक लोग अपने डिजाइन और प्रस्ताव निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन, साकेत स्थित मुख्य कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

आयुक्त ने कहा है कि निगम ऊर्जाधानी कोरबा को उसकी गरिमा के अनुरूप सजाने और संवारने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसमें नागरिकों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

अब देखना यह होगा कि शहर के प्रवेश द्वार कितने आकर्षक बनते हैं। साथ ही नागरिकों की नजर इस पर भी रहेगी कि गेट से आगे बढ़ने के बाद क्या वही सुंदरता सड़क, सफाई और शहर की व्यवस्थाओं में भी दिखाई देती है या नहीं। क्योंकि कोरबा को सिर्फ खूबसूरत गेट नहीं चाहिए, ऐसा शहर चाहिए जहां गेट से लेकर गली तक विकास दिखाई दे।

Share This Article