Kerala Road Accident: केरल में भीषण सड़क हादसा, लॉरी से भिड़ी कार, 8 की मौत; सभी छात्र होने का अनुमान

News Power Zone
2 Min Read
Kerala Road Accident

केरल, 05 सितंबर। Kerala Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पास पनमपिक्कुन्नू में हुआ, जहां गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही एक कार सड़क निर्माण कार्य के चलते खड़ी लॉरी से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे हुई। हादसे में कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कार काटकर घायलों को निकाला गया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकल कर्मियों को कार को काटना पड़ा। बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

तमिलनाडु के छात्रों के होने का अनुमान

पुलिस को घटनास्थल से डिंडीगुल के पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कार में सवार थे और उनके तमिलनाडु के छात्र होने का अनुमान है। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल कार का रजिस्ट्रेशन तमिलनाडु का बताया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान की जांच कर रही है।

Share This Article