तिरुपति, 03 सितंबर। ACB Raid : तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के डिप्टी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मेंडु लोकनाधम के ठिकानों पर आंध्र प्रदेश ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी में 2 किलो से ज्यादा सोना, 6.5 किलो चांदी, 12.5 लाख रुपये कैश और करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
सुबह-सुबह 7 टीमों ने एक साथ मारा छापा
बताया गया है कि CBI से मिले इनपुट के बाद आंध्र प्रदेश एंटी-करप्शन ब्यूरो ने यह कार्रवाई की। बुधवार सुबह करीब 6 बजे ACB की 7 अलग-अलग टीमों ने डिप्टी EO मेंडु लोकनाधम से जुड़े ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। तिरुपति में उनके घर, कार्यालय और रिश्तेदारों से जुड़े स्थानों पर भी जांच की गई।
घर से सोना-चांदी और लाखों का कैश
तलाशी के दौरान ACB को बड़ी मात्रा में कीमती सामान मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 2 किलो से अधिक सोने के आभूषण, 6.5 किलो चांदी और 12.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा फिक्स्ड डिपॉजिट और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगे हैं।
शुरुआती बुक वैल्यू करीब 5 करोड़
ACB के मुताबिक जब्त संपत्तियों की शुरुआती बुक वैल्यू करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, इन संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य इससे काफी ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
लड्डू विवाद की जांच से मिला था इनपुट?
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब तिरुपति लड्डू मामले की जांच भी चर्चा में है। रिपोर्ट के मुताबिक CBI की जांच के दौरान TTD के कुछ अधिकारियों की कथित आय से अधिक संपत्ति से जुड़े सुराग सामने आए थे, जिन्हें आंध्र प्रदेश ACB के साथ साझा किया गया। हालांकि, लोकनाधम का तिरुपति लड्डू में मिलावट मामले से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। ACB की मौजूदा कार्रवाई मुख्य रूप से आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच के तहत बताई जा रही है। मामले में आगे और संपत्ति या दस्तावेज सामने आने की संभावना है।












