Dadra Korba Cobra : कोरबा में कोबरा ने डसा तो डॉक्टरों ने कहा- पहले सांप की पहचान कराइए, फिर शुरू होगा इलाज; बिल खोदकर पकड़ना पड़ा नाग

News Power Zone
3 Min Read
Dadra Korba Cobra

कोरबा, 24 अगस्त। Dadra Korba Cobra : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दादर क्षेत्र में सांप के काटने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घर में साफ-सफाई के दौरान रामदयाल को एक कोबरा ने डस लिया। सांप काटने के बाद वह उसी बिल में जाकर छिप गया। परिजन तत्काल रामदयाल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सांप की पहचान को लेकर मामला सामने आया।

सफाई के दौरान अचानक बाहर आया कोबरा

रामदयाल के मुताबिक, वह घर के अंदर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचते ही अचानक कोबरा बाहर आया और उसने डस लिया। घटना के बाद सांप वापस उसी बिल में चला गया। रामदयाल को परिजन बिना देर किए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।

सांप की पहचान के बाद इलाज शुरू करने की बात

अस्पताल पहुंचने के बाद सांप की पहचान को लेकर चिकित्सकों ने परिजनों से जानकारी मांगी। इसके बाद स्नेक कैचर टीम को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि सांप काटने के बाद उसी बिल में छिप गया था, जिसके कारण उसे बाहर निकालने के लिए टीम को मौके पर जाना पड़ा।

बिल खोदकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा कोबरा

स्नेक कैचर टीम मौके पर पहुंची और बिल की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद जमीन में बने बिल को खोदा गया। करीब आधे से एक घंटे की तलाश के बाद कोबरा को बाहर निकाला जा सका। टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू किया।

पहचान के लिए कोबरा को अस्पताल लेकर पहुंचे कैचर

रेस्क्यू किए गए सांप को पहचान के लिए अस्पताल लाया गया। सांप की पहचान कोबरा के रूप में होने के बाद रामदयाल का उपचार शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है।

रेस्क्यू के बाद कोबरा को जंगल में छोड़ा

कोबरा की पहचान और रेस्क्यू के बाद स्नेक कैचर टीम ने उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। बरसात के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घर के आसपास झाड़ियों, कचरे और मलबे की नियमित सफाई करना जरूरी है।

सांप काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी

सांप के काटने की स्थिति में समय गंवाए बिना अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है। सांप को पकड़ने या उसके पीछे जाने की कोशिश खुद नहीं करनी चाहिए। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए विशेषज्ञ स्नेक रेस्क्यू टीम की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित है।

Share This Article