CG Paper Leak : IGKV पेपर लीक मामले पर CM साय सख्त, बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई; 5 सदस्यीय जांच समिति गठित
CG Paper Leak : पेपर लीक से मचा हड़कंप, अब CM साय का बड़ा एक्शन, IGKV में 5 सदस्यीय जांच समिति गठित
रायपुर, 20 अगस्त। CG Paper Leak : छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला सरकार के संज्ञान में है और परीक्षा रद्द कर दी गई है।
सीएम साय ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पेपर लीक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेपर लीक के बाद रद्द की गई परीक्षा
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। इसी दौरान एंटोमोलॉजी के प्रश्नपत्र के परीक्षा से पहले WhatsApp पर प्रसारित होने की जानकारी सामने आई थी।
मामला सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी देखी गई और जांच की मांग उठी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया। अब पूरे मामले की जांच पांच सदस्यीय समिति करेगी।
‘दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बयान के बाद अब जांच समिति की रिपोर्ट पर सबकी नजर है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बाहर कैसे पहुंचा और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
दिल्ली रवाना हुए CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन भी दिल्ली गए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने IGKV पेपर लीक मामले समेत अन्य राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया से बातचीत की।
वंदेमातरम को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने वंदेमातरम को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस द्वारा वंदेमातरम के दो पद गाने के निर्णय पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस और मुस्लिम लीग में कोई अंतर नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि वंदेमातरम का देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा राष्ट्रगीत का हमेशा सम्मान होना चाहिए।















