कोरबा

Korba News : पौड़ी-माचाडोली-बांगो सड़क बदहाल, जान जोखिम में डालकर ड्यूटी पहुंच रहे विद्युतकर्मी; CM से तत्काल मरम्मत की मांग

Korba News :सड़क है या मौत का रास्ता? पौड़ी-माचाडोली-बांगो मार्ग बदहाल, रोज जान हथेली पर लेकर ड्यूटी जा रहे बिजलीकर्मी

कोरबा, 19 अगस्त। Korba News: पौड़ी से माचाडोली होते हुए बांगो बांध तक जाने वाली सड़क की जर्जर हालत को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने गंभीर चिंता जताई है। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की है।

यूनियन का कहना है कि सड़क की हालत कई जगह इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल है। इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

बिजलीकर्मी रोज जोखिम लेकर पहुंच रहे ड्यूटी

अनिल द्विवेदी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की बसें प्रतिदिन दो शिफ्टों में कोरबा से माचाडोली जल विद्युत गृह तक चलती हैं।

इन बसों के जरिए बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी बिजली उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए अपने कार्यस्थल पहुंचते हैं। लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण इन कर्मचारियों को जान जोखिम में डालकर रोज ड्यूटी पर पहुंचना पड़ रहा है।

यूनियन ने कहा कि प्रदेश की बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों के लिए भी यही मुख्य रास्ता

पौड़ी-माचाडोली-बांगो मार्ग केवल विद्युत कंपनी के कर्मचारियों के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है। माचाडोली और आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण भी कटघोरा, कोरबा और अन्य क्षेत्रों तक आने-जाने के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं।

सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

बांगो बांध पहुंच रहे पर्यटक, खतरा और बढ़ा

वर्तमान में बांगो बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ी है। बांगो बांध की प्राकृतिक सुंदरता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति विद्युतकर्मियों, ग्रामीणों के साथ पर्यटकों के लिए भी सुरक्षा का बड़ा सवाल बन गई है।

जल संसाधन विभाग के अधीन है सड़क

यूनियन अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने बताया कि यह सड़क जल संसाधन विभाग के अधीन आती है। उनका आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल स्थल निरीक्षण कराए और बेहद खराब हिस्सों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार पूरे मार्ग का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाए।

‘बिजली उत्पादन करने वाले कर्मचारियों को जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए’

अनिल द्विवेदी ने कहा कि जो कर्मचारी प्रदेश के लिए बिजली का उत्पादन करने माचाडोली जल विद्युत गृह पहुंचते हैं, उन्हें अपने कार्यस्थल तक जाने के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।

उन्होंने सरकार से इस मामले को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

CM से समय-सीमा तय कर कार्रवाई की मांग

यूनियन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क के तत्काल सुधार और स्थायी निर्माण के लिए समय-सीमा तय कर आवश्यक निर्देश दिए जाएं। यूनियन का कहना है कि सड़क के दुरुस्त होने से न सिर्फ विद्युत कर्मचारियों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा, बल्कि ग्रामीणों और बांगो पहुंचने वाले पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button