कोरबा।Mini Mata Bango Dam Gate Opening जिले में लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय में जलभराव 93 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है। जलाशय में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए आज सुबह करीब 9 बजे गेट खोले जाने की संभावना जताई गई है। इससे बांध से पानी छोड़े जाने के बाद निचले और नदी किनारे के क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बांध में करीब 20 से 25 हजार क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जलभराव 93 प्रतिशत से अधिक होने के कारण जल प्रबंधन को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग सतर्क हैं। गेट खोलने से पहले हूटर के जरिए लोगों को सूचना दिए जाने की बात कही गई है।
गेट खुलने के बाद पानी छोड़े जाने से तटवर्ती क्षेत्रों, निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों में असर पड़ सकता है। औद्योगिक क्षेत्रों में भी जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
तीन बार हूटर बजाकर दी जाएगी सूचना
जलाशय के गेट खोलने से पहले करीब तीन बार तेज आवाज में हूटर बजाया जाएगा। इसके बाद गेट से पानी छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।
लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
प्रशासन द्वारा नागरिकों से नदी किनारे और निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने, जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा गया है।







