
चार रेलवे क्रॉसिंग से जूझता कोरबा, फाटक बंद होते ही थम जाती है शहर की रफ्तार; स्वीकृति के दो साल बाद भी सुनालिया अंडरब्रिज निर्माण का इंतजार
कोरबा। Sunaliya Underbridge Korba शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में चार रेलवे क्रॉसिंग आज भी बड़ी बाधा बनी हुई हैं। रेलवे फाटक बंद होते ही सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और कुछ किलोमीटर का सफर भी लोगों के लिए लंबा इंतजार बन जाता है। व्यस्त समय में हालात और बिगड़ जाते हैं। ऐसे में आपात स्थिति में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाला जाम किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं।
इसी समस्या से राहत दिलाने के लिए सुनालिया अंडरब्रिज को महत्वपूर्ण परियोजना माना गया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों भूमिपूजन के बाद लोगों को उम्मीद जगी कि अब वर्षों पुरानी परेशानी का समाधान जल्द जमीन पर दिखाई देगा। लेकिन सवाल यह है कि भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य आखिर कब शुरू होगा?
दो साल से फाइलों में दौड़ रहा अंडरब्रिज?
सुनालिया अंडरब्रिज को स्वीकृति मिले दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। यही देरी अब सवाल खड़े कर रही है कि आखिर स्वीकृति से निर्माण तक इतना लंबा इंतजार क्यों?
जनता के लिए विकास की असली तस्वीर केवल योजनाओं की घोषणा और भूमिपूजन तक सीमित नहीं होती। लोगों को सड़क पर उसका परिणाम चाहिए। सुनालिया अंडरब्रिज भी ऐसी ही योजना है, जिससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
संजय नगर अंडरब्रिज भी उम्मीद का सहारा
कोरबा में रेलवे क्रॉसिंग की समस्या से निजात के लिए संजय नगर और सुनालिया अंडरब्रिज को अहम माना जा रहा है। दोनों परियोजनाओं से रेलवे फाटकों पर निर्भरता कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। लेकिन स्वीकृति और निर्माण के बीच का लंबा अंतर जनता के इंतजार को लगातार बढ़ा रहा है।सवाल सीधा है… भूमिपूजन के बाद कब शुरू होगा काम?
सुनालिया के लोगों के लिए अब नई घोषणा से ज्यादा जरूरी निर्माण कार्य की शुरुआत है। वर्षों से रेलवे फाटक के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों की निगाहें अब प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी हैं।
सवाल सिर्फ अंडरब्रिज बनने का नहीं है, सवाल यह है कि जब योजना स्वीकृत है, भूमिपूजन हो चुका है, तो फिर निर्माण कार्य जमीन पर कब उतरेगा?कोरबा की जनता अब फाटक खुलने का इंतजार नहीं, अंडरब्रिज के निर्माण की शुरुआत देखना चाहती है।





